छेड़छाड़ का लगाया आरोप
MP News – मध्य प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियानों के बीच एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस कांस्टेबल खुद महिला के लिए खतरा बन गया। रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस आरक्षक, दुर्गेश जाटव, पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
महिला ने बताया कि कांस्टेबल दुर्गेश जाटव लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था और भद्दे कमेंट कर उसे परेशान कर रहा था। हाल ही में, जब महिला पेट्रोल पंप पर थी, तो आरोपी ने सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित करने की कोशिश की। इसके बाद जब महिला सब्जी लेने बाजार गई, तो कांस्टेबल ने उसका पीछा किया और फिर बदतमीजी की। हद तो तब हो गई जब आरोपी उसके घर तक पहुंच गया और वहां भी उसे परेशान करने लगा। Also Read – MP IPS Transfer : चार आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर
इन घटनाओं से परेशान होकर महिला अपने परिजनों के साथ औद्योगिक थाना पहुंची, जहां उसने शिकायत दर्ज करवाई। हालांकि, कांस्टेबल ने शिकायत करने पर उसे धमकाया भी, लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल को लाइन अटैच कर दिया गया है।
रतलाम के एडिशनल एसपी राकेश खाखा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और अगर कांस्टेबल दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पुलिस की उस छवि पर सवाल उठाती है, जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार मानी जाती है। महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियानों के बावजूद इस तरह की घटनाएं समाज के लिए एक बड़ी चुनौती बन रही हैं। Also Read – MP News : 25 वर्षों बाद सुनहरा अवसर : राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी बनेंगे आईपीएस